जयपुर में सजा ब्यूटी पेजेंट का मंच: 5 सितंबर को होगी खिताबी जंग

जयपुर, 05 जुलाई । मिस अर्थ इंडिया-2026 और मिस डिवाइन ब्यूटी-2026 के नेशनल ऑडिशन रविवार को जयपुर के अजमेर रोड स्थित डी सूरा क्लब में आयोजित किए गए। एलीट प्रोडक्शन हाउस के सहयोग से आयोजित ऑडिशन में देशभर से आई प्रतिभागियों ने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, संचार कौशल और मंचीय प्रस्तुति का प्रदर्शन किया।

आयोजक दीपक अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2000 से आयोजित हो रही मिस अर्थ इंडिया प्रतियोगिता का यह 26वां सीजन है। इस प्रतियोगिता ने अनेक प्रतिभागियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि इसी ऑडिशन के माध्यम से मिस अर्थ इंडिया और मिस डिवाइन ब्यूटी के ग्रैंड फिनाले के लिए फाइनलिस्ट का चयन किया जा रहा है। प्रतिभागियों के लिए शॉर्ट्स और स्मार्ट टॉप का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया था, ताकि उनके व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का बेहतर आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य देशभर की उभरती प्रतिभाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी पहचान बना सकें और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्राप्त करें। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 5 सितंबर को जयपुर में आयोजित होगा, जिसमें चयनित फाइनलिस्ट प्रतिष्ठित खिताबों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

ऑडिशन में जूरी सदस्य के रूप में मिस अर्थ इंडिया-2023 प्रियन सेन, इंटरनेशनल लग्जरी फैशन काउंसिल के एम्बेसडर साकेत मिश्रा और आदित्य कश्यप ने प्रतिभागियों का व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, कम्युनिकेशन स्किल्स और ओवरऑल प्रेजेंस के आधार पर मूल्यांकन किया।