पूर्वी सिंहभूम, 03 जुलाई । झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा महानगर की ओर से आयोजित जमशेदपुर बंद को ऐतिहासिक और जनभावनाओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बंद की व्यापक सफलता से स्पष्ट है कि राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, हत्याओं, लूट और चापड़बाजी को लेकर जनता में गहरा आक्रोश है।
रघुवर दास ने शुक्रवार काे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि नागरिक अब अपनी सुरक्षा और कानून के राज की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने बंद को सफल बनाने वाले राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता का आभार जताया। साथ ही राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए अपराध नियंत्रण और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने की अपील की।