रायपुर : मुराद पूरी करने के नाम पर नाबालिग से अश्लील हरकत, आरोपित बाबा गिरफ्तार

रायपुर, 17 जुलाई । मुराद पूरी करने का झांसा देकर नाबालिग से अश्लील हरकत करने के मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय पीड़ित ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई थी कि, वह 15 जून 2026 को अपनी मुराद पूरी कराने के उद्देश्य से आजाद चौक क्षेत्र के ईदगाहभाठा स्थित एक घर में बाबा मुस्तकीम के पास गया था। वहां पहुंचने के बाद आरोपित ने उसे कमरे में बुलाया और दरवाजा बंद कर दिया।

शिकायत के अनुसार, आरोपित ने मुराद पूरी करने का दावा करते हुए पीड़ित के साथ आपत्तिजनक हरकत की। इस घटना से आहत होकर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 151/26 के तहत धारा 127(2) बीएनएस और 11(2) पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया।

मामले की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारी आजाद चौक को आरोपित की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी एवं उसके परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर आरोपित की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित मुस्तकीम बेग निवासी खैरा नवापारा, खैरागढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।