गोविंद देवजी मंदिर में सजा फूल बंगला झांकी

जयपुर, 19 जुलाई । जयनिवास बाग स्थित ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज में रविवार को आषाढ़ शुक्ल षष्ठी के अवसर पर फूल के डोल मनोरथ के तहत भव्य फूल बंगला झांकी सजाई गई। श्रीमन्माध्व गौड़ेश्वर आचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में ग्वाल झांकी के दौरान ठाकुर श्री राधा-गोविंद देवजी ने फूलों की पोशाक और आभूषण धारण कर भक्तों को अलौकिक दर्शन दिए। सिंहासन को आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया गया, जिसमें ठाकुरजी को सखियों के साथ होली क्रीड़ा करते हुए दर्शाया गया। मंदिर प्रशासन के अनुसार यह झांकी गौड़ीय परंपरा में वर्णित लीलाओं पर आधारित है।

इधर, देवशयनी एकादशी पर 25 जुलाई को श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष दर्शन व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। निर्जला एकादशी की तर्ज पर इस बार भी श्रद्धालुओं को चलते-चलते दर्शन कराए जाएंगे। सभी श्रद्धालुओं का प्रवेश बैरिकेड्स के माध्यम से होगा तथा दर्शन के दौरान किसी को भी रुकने की अनुमति नहीं होगी। जूते-चप्पल मंदिर के बाहर उतारकर ही नंगे पैर प्रवेश करना होगा और दर्शन के बाद निर्धारित निकास मार्ग से बाहर जाना होगा।

यह व्यवस्था मंगला झांकी से शयन झांकी तक प्रभावी रहेगी। झांकी दर्शन का समय क्रमशः मंगला (प्रातः 4.00-6.30), धूप (7.00-9.00), श्रृंगार (9.30-10.15), राजभोग (10.45-11.30), ग्वाल (सायं 4.00-4.15), देवशयनी पूजन (सायं 4.45-5.35, इस दौरान पट बंद रहेंगे), संध्या (5.45-7.15) तथा शयन (रात्रि 7.45-8.15 बजे) रहेगा।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने, पुलिस व स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने तथा बैग, बेल्ट, लेदर पर्स, नुकीली वस्तुएं एवं अन्य अनावश्यक सामान मंदिर परिसर में नहीं लाने की अपील की है। साथ ही बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों की सहायता करने का आग्रह किया गया है।