राष्ट्रमंडल खेल मुक्केबाजी : साक्षी, अरुंधति, सचिन सेमीफाइनल में, भारत के तीन पदक पक्के

ग्लासगो, 29 जुलाई । राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को साक्षी चौधरी, अरुंधति चौधरी और सचिन सिवाच ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही भारत के लिए मुक्केबाजी में कम से कम तीन और कांस्य पदक सुनिश्चित हो गए हैं, क्योंकि राष्ट्रमंडल खेलों के प्रारूप के अनुसार दोनों हारने वाले सेमीफाइनलिस्टों को कांस्य पदक दिया जाता है।

महिलाओं के 51 किलोग्राम भार वर्ग में साक्षी चौधरी ने उत्तरी आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को एकतरफा मुकाबले में 5-0 के सर्वसम्मत निर्णय से हराया। साक्षी ने अपनी लंबाई और रीच का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए सटीक जैब्स से प्रतिद्वंद्वी की आक्रामक रणनीति को पूरी तरह निष्प्रभावी कर दिया।

महिलाओं के 70 किलोग्राम भार वर्ग में अरुंधति चौधरी ने न्यूज़ीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को कड़े मुकाबले में 3-1 के स्प्लिट निर्णय से मात देकर अंतिम चार में जगह बनाई।

पुरुषों के 60 किलोग्राम भार वर्ग में विश्व नंबर-5 सचिन सिवाच ने बोत्सवाना के ट्रेजर मोरेमी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-0 के सर्वसम्मत निर्णय से जीत दर्ज की। सचिन ने सभी पांच जजों के स्कोरकार्ड पर बढ़त हासिल करते हुए स्वर्ण पदक की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाया।

इस जीत के साथ भारत की मुक्केबाजी टीम के पदकों की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं। साक्षी, अरुंधति और सचिन अब लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा) और जदुमणि सिंह (55 किग्रा) के साथ उन भारतीय मुक्केबाजों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने राष्ट्रमंडल खेल में अपने लिए कम से कम एक पदक सुनिश्चित कर लिया है।

अब भारतीय मुक्केबाजों की नजर सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में प्रवेश करने और देश के लिए स्वर्ण पदक की दौड़ में बने रहने पर होगी।

———–