ग्लासगो, 22 जुलाई । राष्ट्रमंडल खेल-2026 के पहले दिन 23 जुलाई को भारतीय लॉन बॉल्स टीम के दो मुकाबले खेले जाएंगे। पुरुष एकल वर्ग में भारत के पुतुल सोनोवाल का सामना कनाडा के दिग्गज विश्व चैंपियन खिलाड़ी रयान बेस्टर से होगा, जबकि महिला युगल वर्ग में पिंकी और रूपा रानी तिर्की की जोड़ी माल्टा के खिलाफ चुनौती पेश करेगी।
पुरुष एकल स्पर्धा के सेक्शनल प्ले मुकाबले में विश्व रैंकिंग 21 के पुतुल सोनोवाल का मुकाबला विश्व बॉल्स हॉल ऑफ फेम में शामिल और मौजूदा विश्व चैंपियन रयान बेस्टर से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:15 बजे स्कॉटिश इवेंट कैंपस (एसईसी) में खेला जाएगा।
महिला युगल स्पर्धा में विश्व रैंकिंग 57 की पिंकी और विश्व रैंकिंग 47 की रूपा रानी तिर्की की भारतीय जोड़ी सेक्शनल प्ले में माल्टा की कोनी रिक्सन और रेबेका रिक्सन के खिलाफ उतरेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 4:50 बजे खेला जाएगा।
दोनों मुकाबलों का सीधा प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग सोनीलिव पर उपलब्ध रहेगा। इन दोनों स्पर्धाओं में अभी पदक दांव पर नहीं होंगे, लेकिन अगले दौर में पहुंचने के लिहाज से भारतीय खिलाड़ियों के लिए ये मुकाबले बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।