देहरादून, 19 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को दावा किया कि पार्टी की नीतियों और राज्य सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लगातार दूसरे दिन बड़ी संख्या में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नवागंतुकों को प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करें। उन्होंने पार्टी के बढ़ते जनाधार को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का संकेत भी बताया।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह पंवार, ग्राम प्रधान सावित्री देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेंद्र सिंह, वार्ड सभासद विजय सिंह पंवार सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
नए सदस्यों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, नलिन भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—-