पानीपत, 01 जुलाई । पानीपत पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गोदाम में बुधवार को काम करने के दौरान अचानक कपड़े की एक भारी-भरकम गांठ गिरने से उसके नीचे दबकर एक महिला श्रमिक की मौत हो गई। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के भाई ने फैक्ट्री मालिक पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न रखने और लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के कैराना निवासी माया देवी के रूप में हुई है। माया देवी पिछले कुछ समय से पानीपत की इस फैक्ट्री में मजदूर काम कर रही थी। पुलिस के अनुसार माया देवी फैक्ट्री में अन्य साथी मजदूरों के साथ कबाड़ और कपड़ों की छंटाई के काम में जुटी हुई थी। इसी दौरान अचानक ऊपर रखी हुई कपड़ों की एक बेहद भारी-भरकम गांठ असंतुलित होकर सीधे माया देवी के ऊपर आ गिरी। भारी वजन के नीचे माया देवी दब गई, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई।
हादसे को देख फैक्ट्री में मौजूद अन्य मजदूर तुरंत उसकी तरफ दौड़े और काफी मशक्कत के बाद कपड़े की गांठ को हटाकर माया देवी को बाहर निकाला। लेकिन तब तक अत्यधिक चोट लगने और दम घुटने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। फिर भी परिजन और साथी मजदूर उसे आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य की जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की टीम अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवाया। इस बीच मृतका के भाई मोनू ने फैक्ट्री प्रबंधन और मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मोनू का कहना है कि फैक्ट्री में मजदूरों के लिए सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और माल को भी लापरवाही से ऊंचे ढेरों में रखा गया था, जिसके चलते उसकी बहन की जान गई है। थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी विनोद ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा।