राजगढ़ःगौ शरण मंडल ने 12वें वर्ष भी किया पौधारोपण, 50 से अधिक प्रजातियों के पौधे रोपे

राजगढ़, 14 अगस्त । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में गौ शरण मंडल द्वारा शुक्रवार को चामुंडा माता मंदिर परिसर में लगातार 12वें वर्ष पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान नीम, आम, पीपल, आंवला, कदम, जामुन और अनार सहित 50 से अधिक प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति लोगों को जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कथावाचक श्याम मनावत महाराज ने कहा कि पेड़-पौधों, प्रकृति, धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की सुरक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

मंडल के संरक्षक कथावाचक पं. सतीश नागर ने बताया कि पौधारोपण अभियान महामंडलेश्वर महंत रघुनाथदास महाराज और श्याम मनावत महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि रोपे गए पौधों की देखरेख और उन्हें बड़ा करने की जिम्मेदारी भी तय की गई है, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे लोगों को फल, छाया और शुद्ध हवा दे सकें। गौ शरण मंडल पिछले 12 वर्षों से लगातार पौधारोपण सहित विभिन्न सामाजिक सेवा कार्य कर रहा है। मंडल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज में सेवा और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में नगर एवं क्षेत्र के प्रबुद्धजन और मंडल के सदस्य मौजूद रहे।