जौनपुर, 06 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में बुधवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर गुरुवार को जिले के सभी परिषदीय (बेसिक) विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने अवकाश संबंधी सूचना तत्काल सभी शिक्षक समूहों एवं संबंधित विद्यालयों को भेज दी है, ताकि समय रहते सभी को इसकी जानकारी मिल सके।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में जनपद के सभी सरकारी परिषदीय विद्यालयों में गुरुवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। इसकी सूचना सभी प्रधानाध्यापकों और संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है।उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें तथा उन्हें विद्यालय भेजने से बचें। मौसम सामान्य होने तक सतर्कता बरतना आवश्यक है।बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यह भी बताया कि यह आदेश केवल परिषदीय (सरकारी) विद्यालयों पर लागू है। जनपद के गैर-मान्यता प्राप्त एवं निजी विद्यालय अपने स्तर पर संचालित हो रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।