पौधरोपण के दौरान ग्रामीणों ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प

धनबाद, 23 अगस्त । तोपचांची प्रखंड के स्वावलंबी ग्राम नेरो में रविवार को वृहद स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्वयं पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति का संतुलन बनाए रखने और गांव को स्वच्छ व सुंदर बनाने का संकल्प दिलाया गया।

“एक पौधा – एक संकल्प – एक बेहतर भविष्य” के ध्येय के साथ आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों फलदार और औषधीय गुणों वाले पौधों का रोपण किया गया। उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली संवर्धन के लिए पौधरोपण बेहद जरूरी है। झारखंड प्राकृतिक रूप से समृद्ध राज्य है और पर्याप्त वर्षा का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से फलदार पौधों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि लोग पौधों की देखभाल और संरक्षण के लिए भी प्रेरित हों। उपायुक्त ने नई पीढ़ी को पर्यावरण का वास्तविक संरक्षक बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम 20 से 30 पौधे लगाने की अपील की।

उपायुक्त के नेरो पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से उनका स्वागत किया। महिलाओं ने उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। पौधरोपण के बाद उपायुक्त ने गांव की सबसे छोटी बच्ची को अपने साथ बैठाकर उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।

कार्यक्रम में टुंडी विधायक के प्रतिनिधि, तोपचांची की अंचल अधिकारी, प्रखंड प्रमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।