छात्र का शव तीसरे दिन रोरो नदी से बरामद, परिवार में पसरा मातम

पश्चिमी सिंहभूम, 23 अगस्त । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पाताहातू डैम में शुक्रवार को डूबे 12 वर्षीय छात्र गणेश सोय का शव रविवार सुबह तीसरे दिन रोरो नदी से बरामद कर लिया गया।

शव करणी मंदिर घाट के समीप नदी में मिला। लगातार बारिश के कारण रोरो नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और तेज बहाव के चलते पिछले दो दिनों से पुलिस व परिजन छात्र की तलाश में जुटे थे। रविवार को पानी का स्तर कुछ कम होने के बाद नदी में शव दिखाई दिया।

गणेश सोय हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के सोसोपी गांव निवासी जमादार सोय का पुत्र था। वह चाईबासा के संत जेवियर स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ाई करता था और सुफलसाई में अपनी फूफू के घर रहकर पढ़ रहा था।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गणेश स्कूल बैग लेकर घर से निकला था। देर शाम तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब नौ बजे जानकारी मिली कि वह पाताहातू डैम के नीचे रोरो नदी के तेज बहाव में डूब गया है।

इसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया। घटनास्थल के पास गणेश के कपड़े, साइकिल और स्कूल बैग बरामद किए गए थे। डैम के नीचे नदी का तेज बहाव, चट्टानों और लगातार बारिश के कारण बढ़े जलस्तर ने खोज अभियान को मुश्किल बना दिया था। आशंका थी कि पानी के तेज बहाव में शव बहकर नदी के दूसरे हिस्से में चला गया होगा।

रविवार सुबह पानी कम होने पर करणी मंदिर घाट के पास शव नजर आया। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद से ही गणेश के परिवार में मातम पसरा हुआ है। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।