विश्व आदिवासी दिवस पर संस्कृति संरक्षण का लिया संकल्प

खूंटी , 08 अगस्त । विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर निर्मला देवी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के अंतर्गत संचालित इम्पीरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं निर्मला देवी नर्सिंग स्कूल में शनिवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, भाषा और प्रकृति संरक्षण में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने आदिवासी कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण तथा सम्मान का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समुदाय देश की सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। उनकी पारंपरिक जीवनशैली, लोकज्ञान और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है।

वक्ताओं ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस का उद्देश्य आदिवासी समुदाय के अधिकारों, विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आदिवासी समाज ने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बदलते दौर में उनकी परंपराओं और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में युवाओं की भूमिका अहम है।

कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज के संघर्ष, उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं सम्मान का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में आदिवासी समाज के प्रति सम्मान, समानता और उनकी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।