देवरिया : मेगा एग्री क्रेडिट आउटरीच कैंप में 11 करोड़ के ऋण वितरित

देवरिया, 18 अगस्त । सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के देवरिया क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से कृषि प्रशिक्षण केंद्र, बैतालपुर में मेगा एग्री क्रेडिट आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में किसान, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं और बैंक ग्राहक शामिल हुए। इस दौरान कृषि एवं बैंकिंग क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपायुक्त एनआरएलएम वीरेंद्र यादव, डीडीएम नाबार्ड एसके शुक्ला, अपर जिला कृषि अधिकारी ए.के. मिश्र और पशु चिकित्सा अधिकारी दिग्विजय यादव ने किसानों को कृषि, पशुपालन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।

बैंक की ओर से अंचल प्रमुख डीके अर्जवानी, क्षेत्रीय प्रमुख जितेंद्र कुमार सिन्हा, देवरिया एवं बलिया के अग्रणी जिला प्रबंधक तथा क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक अमित कुमार सिंह उपस्थित रहे।

डीडीएम नाबार्ड एसके शुक्ला ने बैंक के ग्राहकोन्मुखी दृष्टिकोण की सराहना की। अपर जिला कृषि अधिकारी ए.के. मिश्र और पशु चिकित्सा अधिकारी दिग्विजय यादव ने कहा कि कृषि आधारित समावेशी अर्थव्यवस्था से वित्तीय समावेशन के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

अंचल प्रमुख डीके अर्जवानी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में कृषि ऋण की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैंक का उद्देश्य कृषि आधारित ग्राहकों को समय से ऋण उपलब्ध कराकर उनके सपनों को नई उड़ान देना है।

क्षेत्रीय प्रमुख जितेंद्र कुमार सिन्हा ने किसानों को कृषि ऋण, सरकारी योजनाओं, गोल्ड लोन और फसल बीमा सहित विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी।

शिविर में विभिन्न कृषि योजनाओं के तहत 38 स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं पूरे अभियान के दौरान देवरिया क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं ने कुल 11 करोड़ रुपये की ऋण राशि ग्राहकों के खातों में वितरित की। इससे किसानों को कृषि गतिविधियों के विस्तार और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम स्थल पर केवाईसी, ऑनलाइन खाता एवं ऋण सुविधा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, इंश्योरेंस, यूआरसी और ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ सहित विभिन्न सहायता डेस्क लगाए गए।

———