हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस्ती में निकाली मोटरसाइकिल यात्रा

बस्ती, 18 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर उनके गृह जनपद बस्ती में समर्थकों कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मोटरसाइकिल रैली निकाली। भाजपा कार्यालय से शुरू हुई मोटरसाइकिल यात्रा को जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने झण्डा दिखाकर रवाना किया।

यात्रा कंपनी बाग, गांधीनगर, रोडवेज, अस्पताल चौराहा, दक्षिण दरवाजा, स्टेशन रोड, काली मंदिर, करुआ बाबा चौक, गायत्री मंदिर, मालवीय रोड एवं न्याय मार्ग होते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। रोडवेज तिराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने आतिशबाजी कर हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री बनने की खुशी का जोरदार इजहार किया। पूरे मार्ग पर कार्यकर्ताओं में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।

जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व मिलना पूरे बस्ती जनपद और भाजपा परिवार के लिए गौरव का विषय है। उनके संगठनात्मक अनुभव एवं समर्पण से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। अंकुर वर्मा ने कहा कि हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। यह दायित्व बस्ती के लिए गौरव की बात है। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।