मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में राजभाषा पखवाड़ा के तहत क्विज प्रतियोगिता सम्पंन

मुरादाबाद, 23 सितंबर । उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मुरादाबाद रेल मंडल में संचालित राजभाषा हिंदी के प्रयोग, प्रोत्साहन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुरादाबाद मंडल में दिनांक 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, मुरादाबाद में क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।

इस पखवाड़े के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि, जागरूकता तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी, राजभाषा नीति तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।