सेवा संकल्प अभियान से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी सेवा की भावना : राम किशोर साहू

कानपुर, 16 सितंबर । सेवा की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और जनसेवा के कार्यों को व्यापक रूप देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाते हुए अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। यह बातें भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू ने बुधवार को क्षेत्रीय मुख्यालय में अभियान की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में कहीं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से क्षेत्र के सभी 17 जिलों में अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत सेवा, जनसंपर्क और जनभागीदारी से जुड़े 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में अभियान आयोजित किया जा रहा है।

राम किशोर साहू ने बताया कि 17 सितंबर को शाम छह से सात बजे के बीच क्षेत्र के सभी 17 जिलों के प्रत्येक बूथ पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की मंगलकामना के साथ सेवा एवं राष्ट्र निर्माण का संकल्प जन-जन तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने क्षेत्रीय पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रवासी जिलों में प्रवास कर कार्यक्रमों की निगरानी करने तथा मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कराने के निर्देश दिए। अभियान में सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद और पार्टी के पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बैठक में अभियान की रूपरेखा, बूथ स्तर पर संगठन की सहभागिता और जनसंपर्क की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय महामंत्री शिव सिंह भारती, राजेश पटेल, आदित्य त्रिवेदी, भुवन प्रकाश गुप्ता, पवन प्रताप सिंह, अमित समाधिया, वीरेंद्र तिवारी, हर्ष द्विवेदी, मयंक भट्ट समेत सेवा संकल्प अभियान की क्षेत्रीय टोली के सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे। यह जानकारी क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने दी।