मिचनार ‘सेवा सेतु शिविर’ में 13 पंचायतों के 278 आवेदनों का हुआ निराकरण

जगदलपुर, 04 अक्टूबर । जिले में मिचनार के ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और लोक सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को मिचनार के बाजार स्थल पर एक दिवसीय विशाल ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया गया। इस शिविर में आस-पास की कुल 13 पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशासन की इस पहल का बड़ा असर देखने को मिला, जहां विभिन्न विभागों से प्राप्त कुल 288 आवेदनों में से 278 मामलों का अधिकारियों ने मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को तत्काल राहत प्रदान की।

इस शिविर के दौरान स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक लाभ ग्रामीणों तक पहुँचाया गया। स्वास्थ्य शिविर में कुल 211 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ तथा 51 मरीजों की एक्स-रे जांच की गई। इसके साथ ही 22 पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए, जबकि राजस्व विभाग से संबंधित 17 मामलों और पशु जांच एवं दवाई वितरण के 02 मामलों का भी तत्काल समाधान किया गया। कार्यक्रम का एक अत्यंत भावुक और उत्साहवर्धक क्षण तब देखने को मिला जब प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मिचनार निवासी सोमारू/मड़ा तथा बालामती/टोरका को उनके पक्के आशियाने की ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी गई।

इस पूरे आयोजन में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। शिविर में जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, जनपद सदस्य कलम सिंह कश्यप, नेगानार सरपंच सीताराम मंडावी, गौ सेवा अध्यक्ष अजय बघेल तथा मिचनार सरपंच दिवलो बाई पोड़ियामी ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। वहीं प्रशासनिक मोर्चे पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनेश्वर पाण्डे सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे और सभी प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से पूरा कराया।