इंदौर, 06 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से समझा तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं प्रावधानों के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई में पहुँचे राजेश सिंह ने कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष अपनी पारिवारिक एवं आर्थिक समस्या रखते हुए बताया कि उनकी पत्नी शालिनी सिंह बैस को पैरालिसिस अटैक आने के बाद अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। पत्नी के उपचार में लगातार हो रहे व्यय के कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और सीमित आर्थिक संसाधनों के चलते उपचार का खर्च वहन करने में कठिनाई हो रही है। राजेश सिंह की समस्या को कलेक्टर शिवम वर्मा ने संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुना और तत्काल 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजेश सिंह को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में शासन-प्रशासन परिवार के साथ है और भविष्य में भी उपचार अथवा अन्य किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर नियमानुसार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
जनसुनवाई के एक अन्य प्रकरण में अंकित शर्मा ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उनकी पत्नी श्यामला शर्मा गर्भवती हैं। परिवार की आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण गर्भावस्था के दौरान आवश्यक चिकित्सकीय जांच एवं उपचार का खर्च वहन करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने बताया कि सोनोग्राफी जांच में गर्भस्थ शिशु में क्रोमोसोम संबंधी असामान्यता सामने आई है, जिसके कारण आगे के उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्रकरण को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परिवार को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर की त्वरित पहल से परिवार को उपचार संबंधी आवश्यकताओं में आर्थिक राहत मिलेगी तथा आगे की चिकित्सा प्रक्रिया में सहायता प्राप्त होगी।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अधिकारियों ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर वर्मा के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ प्रजापति अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य एवं सभी विभागीय अधिकारियों ने जनसुनवाई में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।
