भारत को पाकिस्तान और बांग्लादेश बनाने की साजिश कर रही कांग्रेस : अर्जुन मुंडा

पलामू, 04 नवंबर । लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ कार्यक्रम के तहत जिले में भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को पदयात्रा निकाली गई।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और निरोत्तमा सिंह शामिल हुईं। शिवाजी मैदान से पदयात्रा निकाली गई। पलामू समाहरणालय तक भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता पदयात्रा करते पहुंचे।

वहीं पदयात्रा से पहले शिवाजी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मैदान का पूरा हिस्सा भरा हुआ था। कार्यकर्ता झंडे बैनर लिए हुए थे और उनका उत्साह और जोश देखते बनता था।

मौके पर अर्जुन मुंडा ने केंद्र सरकार की कई उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार एक से बढ़कर कार्य किया जा रहा है। इससे विपक्ष हताशा में है। लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव के माध्यम से सरकार बनाने की स्थिति में नहीं होने से देश में अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। राहुल गांधी सहित विपक्ष के अन्य नेताओं का सत्ता पाने का यह तरीका बिल्कुल गलत है। कांग्रेस भारत को पाकिस्तान और बांग्लादेश बनाने की साजिश कर रही है। झारखंड सहित पूरे देश की जनता विपक्ष की हरकत से वाकिफ है और समय आते ही इसका करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता हमारे साथ है। वर्ष 2029 में फिर से हमारी सरकार बनेगी। विपक्ष के तमाम प्रयास धरे के धरे रह जाएंगे।

वहीं बाद में मीडिया से बात करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि देश अराजकता से नहीं चलेगा। देश लोकतंत्र से चलेगा और लोकतंत्र पर देश की जनता को भरोसा है। ऐसे लोगों को निश्चित रूप से जनता सबक सिखाएगी। लोकतंत्र को मजाक बनाने वाले, नौटंकी करने वाले लोग जब सत्ता में रहे तो हमेशा इसका दुरुपयोग किया।

अर्जुन मुंडा ने झारखंड की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य की सड़कों की स्थिति खराब है। आम आदमी असुरक्षित हैं। लोगों को पेंशन नहीं मिल रही है। दुष्कर्म की घटनाएं थाने में घट रही हैं और अपराधी प्रशासनिक पदाधिकारियों का संरक्षण प्राप्त कर खुलेआम घूम रहे हैं। राजनीतिक दृष्टि से जो सरकार में हैं अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। मुंडा ने कहा कि पलामू के सरकारी कोषागार में लूट मची हुई है।

झारखंड प्रभारी निवेदिता सिंह ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की सत्ता सौंपी है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोग सत्ता से दूर हैं और लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। देश की जनता सब देख रही है।

पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अप्रत्याशित रूप से उन्नति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और वर्ल्ड बैंक के आंकड़ों के अनुसार देश में 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो विरोधी ताकतों को चुभ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन के लोग संवैधानिक संस्थाओं में अविश्वास फैलाकर जनता को भ्रमित करना चाहते हैं, लेकिन देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ मजबूती से खड़ी है और जनादेश का अपमान करने वाले ऐसी ताकतों को कभी माफ नहीं करेगी।