जमशेदपुर में एनडीए की पदयात्रा में शामिल होंगे जद(यू) के कार्यकर्ता

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान को लेकर पांच नवंबर को आयोजित होने वाली पदयात्रा में जनता दल (यू) के कार्यकर्ता भी अपनी भागीदारी जमशेदपुर में सुनिश्चित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुरू किए गए इस अभियान को अब एनडीए के साझा कार्यक्रम का स्वरूप दिए जाने के बाद गठबंधन के घटक दलों की सक्रियता भी बढ़ गई है।

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं जद(यू) के वरिष्ठ नेता सरयू राय ने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पदयात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एनडीए के सभी घटक दलों की एकजुट भागीदारी जरूरी है।

सरयू राय ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने उन्हें जानकारी दी है कि भाजपा की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम अब एनडीए का साझा अभियान बन गया है। इसी क्रम में वे दो नवंबर को रांची में आयोजित पदयात्रा में भी शामिल हुए थे। वहां उन्होंने आदित्य साहू के आमंत्रण पर एनडीए में जद(यू) के घटक दल के विधायक के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में गुरुवार को यह पदयात्रा नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान (आम बगान) से निकाली जाएगी। इसमें जद(यू) के जिला पदाधिकारियों, विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी रहेगी। सरयू राय ने सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर आम बगान पहुंचकर पदयात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया है।