गोरखपुर पुलिस लाइन में हुआ मॉक दंगा नियंत्रण अभ्यास

गोरखपुर, 17 नवंबर । कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और किसी भी विषम परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में व्यापक मॉक दंगा नियंत्रण अभ्यास आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल दशरथ के निर्देश पर इस अभ्यास के माध्यम से पुलिस बल की तैयारियों, कार्यक्षमता, अनुशासन और आपात परिस्थितियों में प्रतिक्रिया देने की क्षमता का आकलन किया गया।

सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन्स अरुण कुमार एस ने बताया कि इस अभ्यास का शुभारंभ विस्तृत ब्रीफिंग सत्र के साथ हुआ। उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण से संबंधित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी), आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था और सार्वजनिक अशांति की स्थिति में संयमित एवं अनुशासित कार्रवाई के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों का धैर्य, सूझबूझ, अनुशासन और टीम भावना अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

मॉक अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दाैरान पुलिसकर्मियों ने विभिन्न सुरक्षा फॉर्मेशन बनाने, भीड़ को नियंत्रित करने, उपद्रवी तत्वों को तितर-बितर करने तथा परिस्थितियों के अनुरूप संतुलित बल प्रयोग करने का अभ्यास किया। साथ ही अचानक उत्पन्न होने वाली तनावपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने, आपसी तालमेल बनाए रखने और प्रभावी संचार व्यवस्था के साथ कार्रवाई करने के तौर-तरीके भी समझाए गए।

पुलिसकर्मियों की हथियार संचालन क्षमता और दक्षता को परखने के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत नियंत्रित फायरिंग अभ्यास भी कराया गया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे अभ्यास की बारीकी से निगरानी की और विभिन्न टीमों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। जहां आवश्यकतानुसार सुधार की जरूरत महसूस हुई, वहां संबंधित पुलिसकर्मियों को मार्गदर्शन भी दिया गया।