शहडोलः नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के पांच आरोपित गिरफ्तार, घर ढहाने की तैयारी

शहडोल, 8 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल में कक्षा दसवीं की नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले पांचों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार देर रात सभी आरोपितों को उमरिया और रीवा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पकड़ा है। सभी आरोपित कल्याणपुर वार्ड के रहने वाले हैं। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम अब उनके घर तोड़ने की तैयारी में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा सोमवार शाम करीब सात बजे कोचिंग से अपने घर जा रही थी। स्कूटी से जा रही छात्रा को रास्ते में उसका एक नाबालिग दोस्त बाइक से मिल गया। दोनों अपने-अपने वाहन से केंद्रीय विद्यालय के पास पहुंचे और खड़े होकर बात करने लगे। इसी दौरान केंद्रीय विद्यालय के पास पांच लोगों ने उनको रोका और उनके साथ अभद्रता की। जब दोनों ने आरोपितों की हरकत का विरोध किया तो उन्होंने छात्रा के दोस्त से मारपीट की। इसके बाद छात्रा को सूनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपितों ने वीडियो भी बनाया और छात्रा को धमकी दी कि किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे। पीड़िता दोस्त के साथ घर पहुंची और परिजन को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन छात्रा को पुलिस थाने ले गए और एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज मामले की जांच शुरू की। शहडोल जोन के एडीजी डीसी सागर ने फरार आरोपियों पर 30 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके अलावा एडीजी खुद गैंग रेप पीड़िता से मिलने उसके घर पहुंचे थे।

पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक ने बताया कि एडीजी डीसी सागर के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें उमरिया और रीवा जिले के अलग-अलग हिस्सों में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस ने मंगलवार की रात आरोपित ऐश्वर्य निधि गुप्ता उर्फ लल्लू गुप्ता (36) पुत्र स्वामीशरण गुप्ता, शाहिल कुरैशी (22) पुत्र शहीद कुरैशी, मोहम्मद शमीम (18) पुत्र मो. अकरम, मो. अफजल अंसारी (28) पुत्र फारूख, कैलाश उर्फ मन्नू पनिका (29) पुत्र राजू पनिका को गिरफ्तार कर लिया है। एडीजी डीसी सागर ने कहा कि आरोपितों को सजा दिलाने के लिए पुलिस सभी स्तर पर कार्रवाई कर रही है।