फतेहाबाद : एचसीएस अधिकारी पर चतुर्थ श्रेणी के कर्मी  ने लगाए गंभीर आरोप

फतेहाबाद : एचसीएस अधिकारी पर चतुर्थ श्रेणी के कर्मी  ने लगाए गंभीर आरोप

पीडि़त युवक बोला- पिस्तौल दिखाकर देता था जान से मारने की धमकी

फतेहाबाद, 7 नवंबर (हि.स.)। फतेहाबाद में तैनात रहे एक एचसीएस अधिकारी पर जनस्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एक चपरासी ने जबरन अनैतिक कार्य करवाने और जातिसूचक टिप्पणियां करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने इस बारे में मानवाधिकार आयोग, सीएम विंडो, डीजीपी और हिसार रेंज के आईजी को शिकायत भेजकर न्याय की मांग की है।

इस मामले में चपरासी ने मीडिया के सामने आकर अपनी व्यथा व्यक्त की और बताया कि एचसीएस अधिकारी उसे लंबे समय से धमका कर गलत कार्य करवाता आ रहा है। चपरासी का आरोप है कि वर्ष 2020 में जब उक्त अधिकारी फतेहाबाद में जिला परिषद के सीईओ के पद पर कार्यरत था, तब से वह उसे मसाज करने के लिए बुलाता था और इसके लिए उसे 200 रुपये दिहाड़ी देता था। चपरासी का कहना है कि करीब 6 महीने पहले अधिकारी ने उसे फिर से मसाज के लिए बुलाया और निजी अंगों पर मसाज करने के लिए मजबूर किया। मना करने पर अधिकारी ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने और नौकरी से हटाने की धमकी दी।

चपरासी ने बताया कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखता है और अधिकारी उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित कर धमकाता रहा है। पीड़ित ने बताया कि उक्त अधिकारी ने ही उसे ठेकेदारी प्रथा के तहत स्वीपर की पोस्ट पर लगवाया था और अब वह पब्लिक हेल्थ में कार्यरत है। आरोपित चपरासी ने बताया कि इन अनैतिक हरकतों के खिलाफ सबूत के तौर पर उसने डेढ़ महीने पहले एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया है ताकि उसकी बात पर भरोसा किया जा सके। अब वह इस उत्पीड़न से तंग आ चुका है और इस स्थिति से बाहर निकलने का रास्ता न देखकर आत्महत्या का विचार करने को मजबूर हो रहा है। पीड़ित युवक ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले को दबाने के लिए उसके विभाग के अन्य अधिकारी अब उस पर दबाव बना रहे हैं।

उसने कहा कि वह एचसीएस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस के सामने बयान देने को भी तैयार है और अगर जरूरत पड़ी तो अपने समाज के लोगों को इक्कठा कर आंदोलन करने का निर्णय लेगा। पीड़ित व्यक्ति ने आरोपित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।