फतेहाबाद: रोडवेज कर्मचारियों की मांग, लंबे समय से एक सीट पर तैनात कर्मियाें का हाे तबादला

फतेहाबाद: रोडवेज कर्मचारियों की मांग, लंबे समय से एक सीट पर तैनात कर्मियाें का हाे तबादला

फतेहाबाद, 22 नवंबर (हि.स.)। रोडवेज कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान करने और बातचीत करने को लेकर हरियाणा रोडवेज जागृति मंच के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जीएम अजय दलाल को मांग पत्र सौंपा। जीएम ने कार्यालय स्तर की मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया तथा मुख्यालय संबंधित मांगों को मुख्यालय में भिजवाने की बात कही।

मंच के डिपो प्रधान अनिल खटक के नेतृत्व में जीएम को सौंपे गए मांगपत्र में मांग की गई है कि बिना ओवरटाइम वाली रोटेशनो में मुख्यालय के पत्र के अनुसार सप्ताह में 1200 किलोमीटर या फिर 48 घण्टे की ड्यूटी ली जाए। इसके अलावा ड्यूटी सेक्शन, बुकिंग ब्रांच, केश ब्रांच, ट्रेनिंग स्कूल व अन्य किसी ब्रांच में कार्य के लिये सीनियर, बीमार या फिर रिटायरमेन्ट के नजदीक कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए।

मंच द्वारा मांग की गई है कि लंबे समय से एक ही सीट पर कार्य कर रहे कर्मचारियों को नियमानुसार बदला जाए तथा ड्यूटी सैक्शन में 2 सीनियर चालक लगाये जाऐं। यह भी मांग की गई है कि चालक-परिचालक की प्रत्येक महीने की 21 तारीख को सम्बंधित ब्रांच द्वारा बकाया सीएल, एसएल, हॉलीडे और रेस्ट की जानकारी दी जाए। यदि कर्मचारी ड्यूटी से एबसेंट है तो भी उस की भी जानकारी संबंधित कर्मचारी को दी जाए।

मांगपत्र में यह भी मांग की है जिन रोटेशनो मे गाड़ी 2 से 4 घंटे डियो में दोपहर में खडी रहती हैं उन रोटेशनो को मार्निंग, इवनिंग और 12 से 12 बजे की जाए। नोहर वाली रोटेशन की तरह सरदूलगढ़, बुढ़लाडा पंजाब मार्ग पर चलने वाली रोटेशन का भी ओवर टाइम दिया जाए। इसके अलावा चालक परिचालक के केसों का निपटारा जल्द से जल्द किया जाए ताकि वो बिना किसी टेंशन के अपना काम बखूबी कर सकें। इसके अलावा परिचालकों को विभाग के द्वारा 5-5 के सिक्के उपलब्ध करवाए जाऐं ताकि उनको किसी समस्या का सामना ना करना पडे तथा यात्रियों से उनका उलझाव ना हो। मांगपत्र सौंपने वालों में डिपो प्रधान अनिल खटक के अलावा उपप्रधान सुरेश कुंडू, संगठन सचिव कंवर भान और आडिटर बलवंत, सज्जन, रवि और संदीप बिश्नोई, सुरेश फौजी शामिल थे।