सुशासन तिहार : समाधान शिविर में मौके पर 75 मांग व शिकायतों पर हुई त्वरित कार्रवाई
रायपुर, 5 मई (हि.स.)। प्रदेशभर में सुशासन तिहार 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के आरंग ब्लॉक के ग्राम खमतराई में आज सोमवार को सुशासन तिहार के तीसरे चरण के अंतर्गत समाधान शिविर का आगाज हुआ। तीसरे चरण के पहले दिन समाधान शिविर में 76 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें 75 आवेदनों का निराकरण मौके पर किया गया। आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई होने और कागजात हाथ में आने से खुशी से आमजन के चेहरे खिल उठे।
जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि, सुशासन तिहार में समस्याओं के समाधान के लिए आमजनों से आवेदन प्राप्त किए गए थे जिनका समाधान हो चुका है। सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता के समस्याओं का निराकरण करना है। श्री अग्रवाल ने आमजनों से अपील करते हुए कहा आप सभी समाधान शिविर का लाभ अवश्य उठाएं। समाधान शिविर के अंतर्गत जो आवेदन लिए गए उनमें से लगभग सभी का निराकरण मौके पर किया गया। सुशासन तिहार के अंतर्गत लोगों को राहत पहुंचाने और उनका जीवन खुशहाल बनाने की दिशा में पहल किया जा रहा है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि, शिविर में आमजनों की समस्याओं का समाधान तिहार के रूप में किया जा रहा है। तीसरे चरण के अंतर्गत आरंग ब्लॉक के ग्राम खमतराई में समाधान शिविर लगाया गया है और इसे हम तिहार के रूप में मना रहे है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ अक्सर यह देखा जाता है कि उनके पास ड्राईविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र जैसे मूलभूत दस्तावेज नहीं होने की वजह से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सुशासन तिहार में युवाओं के लिए यह सुविधा शुरू की गई ताकि उनके पास यह दस्तावेज आवश्यक रूप से हो।
इस दौरान जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम पुष्पेंद्र शर्मा समेत विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————