आईआरबी जवान हत्याकांड का आरोपित गिरफ्तार

दोनों को धनबाद जिले से विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर गिरफ्तार किया। एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार सिंह ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि बोकारो एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने पांच नवंबर को धनबाद से दोनों को पकड़ा। आरोपितों की निशानदेही पर 7.65 एमएम की देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।

जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपित बलराम तिवारी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चास थाना में पूर्व से मामला दर्ज है।

वहीं, सह-आरोपित सूरज कुमार उर्फ पप्पु कुमार के खिलाफ भी चास थाना में चोरी का मामला दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद बलराम तिवारी बिहार भाग गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा। घटना के दिन उसने पूर्व योजना के तहत जवान अजय यादव को गोली मारी और साथी के साथ बाइक से फरार हो गया था।

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और तकनीकी टीम के प्रयास से आरोपित कानून के शिकंजे में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही न्यायालय में चार्जशीट दायर की जाएगी।