भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं- अजय जामवाल

भोपाल, 05 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने रविवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत देवास जिले की देवास विधानसभा के पांचों मंडलों के प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार आधारित संगठन है। भाजपा का मूल उद्देश्य राष्ट्र सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास को पहुंचाना है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए कार्य करता है और यही उसकी सबसे बड़ी पहचान है।

उन्होंने “पंच निष्ठाएं” और “पंच परिवर्तन” को कार्यकर्ता जीवन का आधार बताते हुए कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को इन सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। अजय जामवाल ने इंदौर के निपानिया मंडल प्रशिक्षण वर्ग में रात्रि विश्राम कर रविवार सुबह कार्यकर्ताओं के साथ योग एवं प्राणायाम में सहभागिता की। उन्होंने रविवार को उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

सशक्त कार्यकर्ता ही सशक्त संगठन की नींव

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि भाजपा की “पंच निष्ठाएं” कार्यकर्ता के चरित्र और उसके कार्य की दिशा तय करती हैं। कार्यकर्ता के मन में राष्ट्र सर्वोपरि की भावना होना अनिवार्य है, यही राष्ट्र निष्ठा का मूल है। पार्टी की विचारधारा के प्रति अटूट विश्वास रखना विचार निष्ठा का आधार है। संगठन के निर्णयों और अनुशासन का पूर्ण पालन करना संगठन निष्ठा को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता के व्यक्तिगत जीवन में शुचिता, ईमानदारी और नैतिकता का होना आवश्यक है, जो उसकी आचरण निष्ठा को दर्शाता है। समाज के अंतिम व्यक्ति के अंतिम व्यक्ति की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना सेवा निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ये “पंच निष्ठाएं” ही एक साधारण कार्यकर्ता को आदर्श कार्यकर्ता में परिवर्तित करती हैं और संगठन की मजबूती का आधार बनती हैं।

प्रशिक्षण से सशक्त होकर समाज में भूमिका निभाता है कार्यकर्ता

अजय जामवाल ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही सक्रिय नहीं रहते हैं, बल्कि वह समाज के हर क्षेत्र में सेवा और समर्पण के साथ कार्य करते हैं। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना के साथ कार्य करना ही भाजपा की पहचान है। इसी के माध्यम से कार्यकर्ता समाज में विश्वास और विश्वसनीयता स्थापित करता है। “पंच निष्ठाएं” जहां कार्यकर्ता के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करती हैं, वहीं “पंच परिवर्तन” समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। इन दोनों के समन्वय से ही एक आदर्श कार्यकर्ता का निर्माण संभव है, जो समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ उन्हें संगठन की कार्यपद्धति से परिचित कराते हैं। इससे कार्यकर्ता अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन कर पाता है और समाज में एक आदर्श भूमिका निभाता है।