खूंटी, 11 मई । खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत डडगामा पीढ़ीटोली गांव के पास सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव झाड़ियों और नाला के बीच पड़ा हुआ था। मृतक की उम्र लगभग 22 से 23 वर्ष बताई जा रही है। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह गांव के कुछ ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नाला के पास पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना खूंटी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही खूंटी थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए और उन्हें जांच के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस आसपास के इलाके में भी बारीकी से छानबीन कर रही है।
मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वरुण रजक ने बताया कि बरामद शव एक अज्ञात युवक का है, जिसकी उम्र करीब 22 वर्ष प्रतीत हो रही है। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के स्पष्ट निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। उन्होंने कहा कि संभावना है कि युवक की हत्या कहीं और की गई हो और शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से डडगामा पीढ़ीटोली स्थित नाला में फेंक दिया गया हो। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में खूंटी थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास लगातार जारी है। आसपास के थाना क्षेत्रों एवं पुलिस इकाइयों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि युवक की शिनाख्त हो सके।
घटना के बाद ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।