मकोका मामले में नरेश बाल्यान से जुड़े सभी आरोपितों की न्यायिक हिरासत तीन जून तक बढ़ी

नई दिल्ली, 26 मई । दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को मकोका मामले के आरोपित और आम आदमी पार्टी नेता नरेश बाल्यान से जुड़े सभी आरोपितों की न्यायिक हिरासत 3 जून तक बढ़ा दी है। स्पेशल जज विशाल गोगने ने न्यायिक हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया।

सुनवाई के दौरान सभी आरोपित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जेल से पेश हुए। आरोपित मनोज यादव ऊर्फ कैरा की ओर से पेश वकील अरुण कुमार ने चार्जशीट से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की। कोर्ट ने मनोज यादव के वकील से कहा कि वे कोर्ट की फाइल से उन दस्तावेजों को देखें और उनकी फोटो ले लें।

दिल्ली पुलिस ने 17 अप्रैल को इस मामले में छठी पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। कोर्ट ने 24 जनवरी को मनोज यादव के खिलाफ दिल्ली पुलिस की पांचवीं पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। कोर्ट ने मनोज यादव ऊर्फ कैरा के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4 के आरोपों के तहत चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। चार्जशीट में मनोज यादव को संगठित अपराध गिरोह का सदस्य बताया गया है। ये गिरोह कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू संचालित करता है। कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू फिलहाल फरार है। दिल्ली पुलिस की जांच में मनोज यादव के खिलाफ आपराधिक गतिविधियों की कई एफआईआर दर्ज होने का पता चला।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर के बीच बातचीत का मामला 2023 का है। इसे लेकर 2023 में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। कपिल सांगवान एक कुख्यात गैंगस्टर है जो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहा है। कपिल सांगवान पिछले पांच वर्षों से ब्रिटेन में ही रह रहा है। कपिल सांगवान और नरेश बाल्यान दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं। कपिल सांगवान हरियाणा के नफे सिंह हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड है। उसे बल्लू पहलवान और भाजपा नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या का भी मास्टरमाइंड माना जाता है। नरेश बाल्यान ने 2015 और 2019 में उत्तम नगर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।