पहले चुनाव मैदान छोड़ने की बात करने वाली कांग्रेस अब ले रही जीत का झूठा श्रेय : विश्व चक्षु

धर्मशाला, 28 मई । हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो पार्टी पहले चुनाव मैदान छोड़ने की बात कर रही थी, वह अब नतीजों के बाद जीत का झूठा श्रेय लेने के लिए सबसे आगे खड़ी हो गई है।

वीरवार को धर्मशाला से जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से कांग्रेस के दोहरे चरित्र, वैचारिक खोखलेपन और सत्ता के प्रति उनके चरम लालच को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सिंबल पर नहीं लड़ा था और स्थिति तो यहां तक पहुंच गई थी कि कांग्रेस नेताओं ने सार्वजनिक रूप से बयान दिए थे कि वे इस बार मैदान में अपना कैंडिडेट तक नहीं उतारेंगे, लेकिन आज पासा पलटते ही पूरी कांग्रेस पार्टी में अचानक ‘मेरे ज्यादा उम्मीदवार जीते’ की एक अजीब और बेतुकी होड़ मच गई है।

विश्व चक्षु ने कांग्रेस की इस विरोधाभासी स्थिति पर तंज कसते हुए उसकी तुलना ‘बिन ब्याहे बाराती’ से कर दी और कहा कि जब न तो कोई चुनाव सिंबल था और न ही कोई अधिकृत उम्मीदवार मैदान में उतारा गया था, तो फिर किस नैतिक आधार पर कांग्रेस आज अपनी जीत का ढोल पीट रही है, यह बात समझ से परे है। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान और राज्य के प्रदेश नेतृत्व को कड़ी नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें लोकतांत्रिक जनादेश का पूरी ईमानदारी से सम्मान करना सीखना चाहिए, न कि निर्दलीय विधायकों और अन्य विजयी उम्मीदवारों के कंधों पर बंदूक रखकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने की नाकाम कोशिश करनी चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के ये सारे झूठे दावे और मनगढ़ंत कहानियां ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपनों’ जैसी हैं, जो बहुत जल्द ताश के पत्तों के महल की तरह बिखर जाएंगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेहद समझदार और जागरूक जनता सब कुछ देख रही है और वह अच्छी तरह जानती है कि प्रदेश में विकास का असली पहिया किसके हाथ में सुरक्षित है।