भर्ती कैंप में 17 युवाओं का चयन, मिला नियुक्ति पत्र

खूंटी, 12 जून । जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर की ओर से उपायुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन के निर्देश पर शुक्रवार को आयोजित भर्ती कैंप में 17 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र दिया गया।

श्रम विभाग के अंतर्गत आयोजित इस भर्ती कैंप में कुल 09 प्रतिष्ठित नियोजकों ने भाग लिया। कैंप में लगभग 56 अभ्यर्थियों ने विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद 17 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया।

भर्ती कैंप में पैन आईटी, एल्युमिनी रीच फॉर झारखंड सहित कई कंपनियों ने भाग लिया। चयनित उम्मीदवारों को नियोजकों ने मौके पर नियुक्ति पत्र सौंपा।

जिला प्रशासन की ओर से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित संस्थाओं से जोड़ने के उद्देश्य से नियमित रूप से ऐसे रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के भर्ती कैंप युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी आनंद कुमार, यंग प्रोफेशनल दीपक कुमार वर्मा, विभिन्न नियोजक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा जिला नियोजनालय के सभी कर्मी उपस्थित थे।