कुल्लू, 18 जून । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बिंद्राबनी फोरलेन के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 4.859 किलोग्राम चरस बरामद कर पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ कुल्लू की टीम ने एएसआई भानु प्रताप के नेतृत्व में बिंद्राबनी फोरलेन के पास विशेष नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान कुल्लू से मंडी की ओर जा रही इटियोस कार (पीबी-04-एए-4470) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 4.859 किलोग्राम चरस बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चरस की खेप को बेहद शातिराना तरीके से कार के अगले हिस्से में कंडक्टर साइड के दरवाजे के अंदर छिपाकर रखा था, ताकि पुलिस जांच से बचा जा सके। हालांकि एसटीएफ की सतर्कता के चलते तस्करी का यह प्रयास विफल हो गया।
एसटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश (40) निवासी लुधियाना, पंजाब तथा सतबीर सिंह (38) निवासी होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना सदर मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की कार को भी कब्जे में ले लिया है।
डीएसपी वर्मा ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एसटीएफ का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।