रामगढ़ में बनेगा पार्किंग, जलापूर्ति और जल जमाव की समस्या होगी दूर : डीसी

रामगढ़, 15 जुलाई । शहर को सुव्यवस्थित और सुसज्जित बनने के लिए काफी प्रयास किया जा रहे हैं। लेकिन उन्हें धरातल पर भी उतारना है। यह बातें बुधवार को नगर परिषद और छावनी परिषद् की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान डीसी ऋतुराज ने कही। उन्होंने कहा कि शहर में पार्किंग की व्यवस्था बेहद आवश्यक है। इसके अलावा जलापूर्ति और जलजमाव की समस्या को जल्द दूर करना है। बैठक में छावनी परिषद एवं नगर परिषद क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीसी ने गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान छावनी परिषद क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था, जलापूर्ति योजनाओं, जल जमाव, यात्री शेड, सार्वजनिक शौचालय सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शहर में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झंडा चौक से बाजार समिति रामगढ़ तक विभिन्न स्थलों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। डीसी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को अपनी टीम के साथ स्थल निरीक्षण कर सरकारी भूमि की पहचान करने एवं जरूरी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

डीसी ने बंद पड़ी जलापूर्ति योजनाओं की जानकारी ली। उनके संचालन का निर्देश दिया। आईओसीएल की ओर से गैस पाइपलाइन बिछाने के क्रम में क्षतिग्रस्त हुई जलापूर्ति पाइपलाइन की मरम्मती के लिए आईओसीएल, विद्युत विभाग तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य कराने को कहा।

डीसी ने शहर के सतकौड़ी तालाब के सौंदर्यीकरण एवं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। साथ ही नगर परिषद की ओर से किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने नगर प्रबंधकों को प्रत्येक दिन सुबह अपने-अपने निर्धारित वार्डों का निरीक्षण करने तथा साफ-सफाई, जलापूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया। अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर अवैध रूप से निर्मित भवनों एवं संस्थानों को चिन्हित करते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

सुगिया सहित अन्य क्षेत्र में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए डीसी ने निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक योजना, आश्रय गृह, राजस्व संग्रहण, पुस्तकालय निर्माण सहित नगर परिषद एवं छावनी परिषद से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई।