फिल्म निर्माता रिची मेहता की बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म ‘फूलन’ का वर्ल्ड प्रीमियर 51वें टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ 2026) में होगा। अमेजन प्राइम वीडियो ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है। उत्तर प्रदेश के चंबल की कुख्यात डकैत से राजनेता बनीं फूलन देवी के जीवन पर आधारित इस फिल्म का चयन फेस्टिवल के प्रतिष्ठित स्पेशल प्रेजेंटेशन सेक्शन में किया गया है। हालांकि, फिल्म की आधिकारिक रिलीज तारीख का अभी ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर के बाद इसे प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘फूलन’ का प्रीमियर 16 सितंबर को टोरंटो के प्रिंसेस ऑफ वेल्स थिएटर में होगा। फिल्म का निर्देशन और लेखन रिची मेहता ने किया है, जबकि इसका निर्माण शारीन मंत्री केडिया, किशोर अरोड़ा, कंवल कोहली और रिची मेहता ने नमः पिक्चर्स के बैनर तले किया है। निर्माताओं ने फिल्म का पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें फूलन देवी की दमदार झलक देखने को मिलती है।
यह फिल्म वर्ष 1997 में प्रकाशित पुस्तक ‘आई, फूलन देवी- द ऑटोबायोग्राफी ऑफ इंडियाज बैंडिट क्वीन’ से प्रेरित है। कहानी फूलन देवी के जीवन के उस निर्णायक दौर पर केंद्रित है, जब हजारों हथियारबंद लोगों ने उन्हें मारने के इरादे से एक गांव में घेर लिया था। फिल्म में स्नेहा कुमारी मुख्य भूमिका निभा रही हैं, जबकि अनुराग ठाकुर, विक्रम प्रताप सिंह, आकाश दहिया, प्रतीक पचौरी और देव दत्त बुधौलिया भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।