धनबाद, 27 जुलाई । जनपद के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के सुंदरपहाड़ी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कुएं में अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पूर्वी टुंडी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला।
पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत कैसे हुई। यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर किसी अन्य कारण से हुई मौत, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। वहीं पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है।