जिला निर्वाचन अधिकारी ने भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी स्थित मतगणना केंद्र पर किया निरीक्षण

जयपुर, 13 सितंबर । नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के अन्तर्गत जयपुर जिले की नगर निगम, नगर परिषद् एवं नगरपालिकाओं के मतदान के पश्चात् सोमवार 14 सितंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से मतगणना होगी।

नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों में हुए मतदान की मतगणना श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी सीकर रोड़ जयपुर में होगी। वहीं शेष नगरपरिषदों एवं नगरपालिकाओं में हुए मतदान की मतगणना इस प्रकार होगी – कानोता के लिए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कानोता, वाटिका के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक केन्द्र वाटिका, जमवारामगढ़ के लिए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जमवारामगढ़, मनोहरपुर के लिए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मनोहरपुर, शाहपुरा के लिए श्री कल्याण सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहपुरा, फागी के लिए कार्यालय पंचायत समिति फागी, दूदू के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, मालपुरा रोड़ दूदू, सांभर के लिए राजकीय शाकम्भर स्नातकोत्तर महाविद्यालय सांभरलेक, चाकसू के लिए राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय चाकसू तथा कालाडेरा के लिए राजकीय कन्या महाविद्यालय चौमूं में मतगणना होगी।

इसी प्रकार चौमूं के लिए राजकीय कन्या महाविद्यालय चौमू, खेजरोली के लिए राजकीय कन्या महाविद्यालय चौमू, बस्सी के लिए कॉलेज ऑफ डेयरी एण्ड फूड टेक्नोलॉजी, बस्सी, नरायना के लिए राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नरायना, जोबनेर के लिए श्री कर्ण नरेन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जोबनेर, किशनगढ़-रेनवाल के लिए मा. रि. सो. रा. उ.मा. वि. किशनगढ़ रेनवाल, बगरू के लिए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बगरू तथा फुलेरा के लिए कार्यालय नगर पालिका फुलेरा में मतगणना होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक ने श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी स्थित मतगणना स्थल का रविवार को निरीक्षण करने के उपरांत मतगणना स्थलों पर पेयजल, चिकित्सा, गुणवत्तापूर्ण भोजन साफ-सफाई, सहित समुचित व्यवस्था सुनिश्चित् करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं ताकि प्रत्याशियों, कार्मिकों एवं काउंटिंग एजेंटों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस दौरान डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि मतगणना केंद्र पर पुलिस की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित् की गई है। उन्होंने बताया कि बिना अधिकृत प्रवेश-पत्र के किसी को भी मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मोबाइल फोन मतगणना केंद्र में लाना वर्जित रहेगा। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, तहसीलदार निर्वाचन कुलदीप सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।