राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ बढ़ी गर्मी, सात शहरों में पारा 40 पार

जयपुर, 23 सितंबर । राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ ही गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। बुधवार को प्रदेश के सात शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। जैसलमेर 42.9 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार-पांच दिन प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में मंगलवार की तुलना में दो से तीन डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। जैसलमेर के अलावा बाड़मेर में 42.4, बीकानेर में 41.2, जोधपुर में 40.6, नागौर में 40.3, पिलानी में 40.2 और चूरू में 40 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश में तापमान बढ़ रहा है और वातावरण में नमी कम हो रही है। इसके चलते राज्य के कुछ हिस्सों से अगले 24 से 48 घंटे के दौरान मानसून की विदाई होने की संभावना है। मानसून की वापसी के साथ मौसम के शुष्क होने और तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। राजधानी जयपुर में बुधवार को दिनभर तेज धूप रही। इससे अधिकतम तापमान में करीब 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने और बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।