काेंड़ागांव, 30 सितंबर । जिले के थाना मर्दापाल पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आराेपित काे गिरफ्तार किया है।
मृतिका के परिजनों एवं सहेलियों के कथन तथा जांच में यह पाया गया कि मृतिका द्वारा आरोपित से विवाह करने की बात कहे जाने पर आरोपित द्वारा विवाह से इंकार करने तथा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में आज बुधवार काे आरोपित कुमेन्द्र कश्यप (उम्र 19 वर्ष) निवासी हसलनार बाजारपारा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना मर्दापाल में मर्ग क्रमांक 15/2026, धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान मृतिका के परिजनों एवं सहेलियों के कथन, घटनास्थल निरीक्षण तथा उपलब्ध साक्ष्यों से यह तथ्य सामने आया कि मृतिका का कुमेन्द्र कश्यप, जाति मुरिया, उम्र 19 वर्ष, निवासी हसलनार बाजारपारा, थाना मर्दापाल, जिला कोण्डागांव के साथ प्रेम संबंध था। जांच में यह भी पाया गया कि मृतिका द्वारा आरोपित से विवाह करने की बात कहे जाने पर आरोपित द्वारा विवाह से इंकार किया गया तथा उसके साथ कथित रूप से गाली-गलौज एवं उसे आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने संबंधी तथ्य सामने आए। तत्पश्चात मृतिका द्वारा अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते थाना प्रभारी भुनेश्वर नाग के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपित की पता तलाश हेतु ग्राम हसलनार पहुंचकर आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। सम्पूर्ण मर्ग जांच एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपित कुमेन्द्र कश्यप के विरुद्ध प्रथम दृष्टया धारा 296, 108 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध घटित करना पाया गया। प्रकरण में आरोपित को गिरफ्तार कर कार्रवाई उपरांत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी मर्दापाल निरीक्षक भुनेश्वर नाग, सउनि. सुनीता उईके, नरेश साहू, प्रधान आर. संत राम नायक, आर. भुनेश्वर मरकाम, सतू लाल मरकाम,कमलेश कोर्राम का योगदान रहा।