कर्रा प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी कर्रा मंडल की ओर से सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा उपस्थित हुए।
सेवा शिविर में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की विभिन्न समस्याओं और आवश्यक सरकारी कार्यों से संबंधित आवेदन लिए गए। इनमें आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन सहित अन्य कार्यों से संबंधित आवेदन शामिल थे। शिविर के दौरान कुछ मामलों का त्वरित निष्पादन कराया गया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभाग के पदाधिकारी और कर्मचारियों को सौंपा गया।
इस अवसर पर नीलकंठ सिंह मुंडा ने कर्रा के अंचलाधिकारी से ग्रामीणों के आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार प्रखंड मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ मामलों का निष्पादन करें। नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार को आम लोगों कि कोई चिंता नहीं है।
शिविर में भाजपा खूंटी जिला उपाध्यक्ष कैलाश राम महतो, जिला महिला अध्यक्ष सीमा देवी, कर्रा मंडल अध्यक्ष किशोर बड़ाईक, गोविंदपुर मंडल अध्यक्ष सुधीर सिंह, लोधमा मंडल अध्यक्ष ज्ञान रंजन सिंह, बालकिशुन महतो, कलिंद्र राम, भाजयुमो अध्यक्ष विनय गुप्ता सहित दर्जनों भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे।