फतेहाबाद, 30 सितंबर । अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतिया पुलिस को सफलता हाथ लगी है। सीआईए रतिया और थाना शहर रतिया पुलिस की टीमों ने दो अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर क्षेत्र के दो नामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी पिस्तौल 32 और 315 बोर, पांच जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की है। पकड़े गए दोनों आरोपियों का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएसपी रतिया कुलवंत सिंह ने बताया कि सीआईए पुलिस की टीम टोहाना रोड बाईपास स्थित घग्घर नदी के पास गश्त पर थी। इसी दौरान बुढलाडा रोड की तरफ से आ रही एक कार का चालक पुलिस गाड़ी देखकर अचानक तेज गति में गाड़ी मोडऩे लगा, जिससे कार बंद हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को काबू किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान पुरानी गौशाला मोहल्ला, रतिया निवासी बब्बू के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से 32 बोर का एक देशी पिस्तौल और मैगजीन में लोड चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार और हथियार को कब्जे में ले लिया है। आरोपी बब्बू पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, नशा तस्करी और आम्र्स एक्ट सहित थाना शहर रतिया में कुल 21 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।नहर किनारे छिप रहे आठ मुकदमों के आरोपी नितिश को पुलिस ने दबोचादूसरी कार्रवाई में थाना शहर रतिया पुलिस ने फतेहाबाद रोड पर सुखमणी नहर ब्रांच के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को पेड़ की आड़ में छिपते देखा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अरोड़ा कॉलोनी, रतिया निवासी नितिश बताया। तलाशी के दौरान उसकी जींस की जेब से 315 बोर का एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी नितिश के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, लूटपाट और आम्र्स एक्ट के कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीएसपी कुलवंत सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों और अपराध को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है कि वे यह हथियार कहां से लाए थे और किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। हथियार सप्लायरों तक भी पुलिस जल्द पहुंचेगी।