भोपाल, 08 अक्टूबर । दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान द्वारा सामाजिक विज्ञान के युवा प्राध्यापकों के लिए दो सप्ताह के फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) द्वारा प्रायोजित यह कार्यक्रम 9 से 20 दिसंबर तक भोपाल में होगा। कार्यक्रम में कुल 30 सीटें हैं और केवल नियमित (रेगुलर) प्राध्यापक ही इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक प्राध्यापक 30 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
भारतीय समाज, संस्कृति और ज्ञान की गहरी समझ के बिना सामाजिक विज्ञान में सार्थक शोध संभव नहीं है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम वैज्ञानिक अनुसंधान तकनीकों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को शोध से जोड़ने पर विशेष बल देगा। इससे सामाजिक विज्ञान के शिक्षकों और शोधकर्ताओं में गुणवत्तापूर्ण, भारतीय संदर्भों पर आधारित अनुसंधान के लिए आवश्यक कौशल विकसित होंगे तथा उच्च शिक्षा में शोध की गुणवत्ता और शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सामाजिक विज्ञान के प्राध्यापकों की क्षमता संवर्धन की दिशा में यह कार्यक्रम उपयोगी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और भारतीय ज्ञान परंपरा को केंद्र में रखते हुए युवा प्राध्यापकों को शोध पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान है। यह शिक्षा मंत्रालय के भारतीय ज्ञान प्रणाली प्रभाग के अंतर्गत एक केंद्र के रूप में भी नामित है। संस्थान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की दृष्टि के अनुरूप उच्च शिक्षा और अनुसंधान में भारतीय ज्ञान परंपरा के संवर्धन और एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
