जगदलपुर, 29 अक्टूबर । जिले के भानुप्रतापपुर नगर में अतिक्रमण को लेकर प्रशासन द्वारा दुकानों के बाहर लाल निशान लगाए जाने और नोटिस जारी किए जाने के विरोध में आज गुरूवार काे व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने रैली निकालकर प्रशासन की कार्रवाई के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। व्यापारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर उनकी समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर व्यापारियों ने एकजुट होकर विरोध जताया।
इसके साथ ही अपनी समस्याओं और चिंताओं को लेकर व्यापारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर से मुलाकात की और अपनी बात रखी। चर्चा के दौरान अध्यक्ष राठौर ने व्यापारियों को दुकानों के शेड और सामान नाली के पीछे व्यवस्थित रखने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण नहीं होने से आवागमन सुचारु रहेगा और नगर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। अध्यक्ष की समझाइश पर व्यापारियों ने सहमति जताई। इसके बाद सभी व्यापारी अपनी समस्याओं के संबंध में चर्चा करने एसडीएम से मिलने पहुंचे।
बैठक में एसडीएम अनिकेत अशोक फड़तरे ने स्पष्ट किया कि नगर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अभी से ठोस पहल करना जरूरी है। उन्होंने व्यापारियों से दुकानों को नाली की सीमा तक रखने और बाहर सामान या शेड लगाकर सड़क पर अव्यवस्था नहीं फैलाने की अपील की। व्यापारियों ने भी व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर काम करने पर सहमति जताई है।
