सूरजपुर, 17 नवंबर । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होने के बाद कलेक्टर रेना जमील ने कृष्णपुर, देवनगर और चंदरपुर धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को किसानों की सुविधा, पारदर्शिता तथा निर्धारित मापदंडों के अनुसार खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि, धान बेचने आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए केंद्रों में पेयजल, बैठने और छांव की व्यवस्था के साथ पर्याप्त बारदाना, हमाल और तौल की सुविधा उपलब्ध रखने को कहा। उन्होंने खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान नमी मापी यंत्र से धान की नमी की जांच कराई और स्वयं भी मशीन से नमी मापकर देखी। साथ ही बोरियों का वजन कराकर निर्धारित मापदंडों के अनुरूप खरीदी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मिलर्स की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली खराब बोरियों को स्वीकार नहीं करने, केंद्रों में साफ-सफाई बनाए रखने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा ऋण सूची और खरीद से संबंधित जरूरी सूचनाओं का प्रदर्शन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया और केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कृष्णपुर केंद्र में धान बेचने पहुंचे किसान हेमसाय राजवाड़े ने बताया कि वे 54 क्विंटल धान लेकर आए हैं। वहीं नारायणपुर के किसान रामनरेश ने 100 क्विंटल धान का विक्रय किया। चंदरपुर समिति में भैयालाल, हंसलाल और रामजतन साहू सहित 19 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचा।
कलेक्टर ने कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली आदान सहायता राशि की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को योजना के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और गांवों में मुनादी कराकर किसानों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल से ‘तुंहर हाथ’ टोकन एप पर टोकन काटने की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। उन्होंने किसानों को डिजिटल माध्यम से टोकन प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।
जिले में इस खरीफ विपणन वर्ष के दौरान 60 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 68,531 पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष छह नए खरीद केंद्र भी शुरू किए गए हैं। पिछले दो दिनों में जिले के 35 उपार्जन केंद्रों में 300 किसानों से कुल 12,408 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।
अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले में चार चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां अलग-अलग पालियों में निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही सभी नौ तहसीलों में उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। प्रशासन की ओर से कोचियों और बिचौलियों के साथ अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर भी नजर रखी जा रही है। अनियमितता मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुनील अग्रवाल, जिला खाद्य अधिकारी संदीप भगत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
