निर्माणाधीन योजनाओं को समय सीमा में पूरा करें अधिकारी : उपायुक्त

खूंटी , 17 नवंबर । जिले में संचालित विकास एवं निर्माण योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने को लेकर मंगलवार को उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित पुल-पुलिया, सड़क, भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति एवं संबंधित रिपोर्ट की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान उपायुक्त ने विभागवार पूर्ण और अपूर्ण योजनाओं की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों के कारणों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समयावधि में हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और किसी भी परिस्थिति में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत दी।

उपायुक्त ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पथ निर्माण विभाग, एनआरईपी, ग्रामीण कार्य विभाग सहित अन्य विभागों के तहत संचालित सड़क, पुल-पुलिया एवं भवन निर्माण योजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यकतानुसार क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने और सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अनटाइड फंड का प्रभावी और योजनाबद्ध तरीके से उपयोग करने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने जिले में स्थित ऐसे सरकारी भवनों को चिह्नित करने का निर्देश दिया, जो पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे भवनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला योजना पदाधिकारी, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, भवन प्रमंडल, एनआरईपी और पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।