मंडी में पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर धरना प्रदर्शन

मंडी, 17 नवंबर । हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर अंतिम दिन मंगलवार को मंडी जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया गया। 12 से 17 नवंबर तक आयोजित इस धरने में सेवानिवृत कर्मचारियों ने भाग लेकर अपना रोष जताया।

हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव सिंह सेन ने मंडी शहर के सेरी चानणी में धरने के दौरान कहा कि इस धरना प्रदर्शन के माध्यम से पैंशनरों ने प्रदेश सरकार के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पैंशनराें की जायज मांगों के प्रति उदासीन रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2016 से 2021 तक सेवानिवृत कर्मचारियों के पैंशन संबंधी लंबित वित्तीय लाभों तथा कम्यूटेशन से संबंधित बकाया राशि से वंचित रखा है।

उन्होंने मांग की है कि इसकी अदायगी शीघ्र की जाए, सेवारत कर्मचारियों की तर्ज सभी पैंशनरों को लंबित महंगाई भत्ते की अदायगी की जाए, स्थानीय निकायों एवं कारपोरेट सैक्टर से सेवानिवृत कर्मचारियाें को भी पुरानी पैंशन योजना के दायरे में लाकर एक समान पेंशन लाभ प्रदान किय जाए। उन्होंने कहा कि सरकार सेवानिवृत कर्मचारियों के लंबित वित्तीय लाभों के देय न देने पर अड़ियल रवैया अपना रही है। जिससे पैंशनरों में सरकार के प्रति भारी रोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि अगर सरकार मांगों को नहीं मानती है तो 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा सत्र के दौरान सरकार को घेराव किया जाएगा।