प्रधानमंत्री के रोड शो से पूर्व संजय सेठ ने की पदयात्रा
रांची, 09 नवम्बर ( हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रातू रोड में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में 10 नवम्बर को रोड शो करेंगे। इसे लेकर शनिवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने ओटीसी मैदान से न्यू मार्केट चौक तक पदयात्रा कर लोगों से रविवार को प्रधानमंत्री के स्वागत में आने की अपील की।
सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह झारखंड को हमेशा से मिलता रहा है। प्रधानमंत्री 10 नवंबर रविवार को रांची में भव्य रोड शो करेंगे। शाम 4:00 बजे से यह रोड शो ओटीसी ग्राउंड से शुरू होगा और पिस्का मोड़, मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर होते हुए न्यू मार्केट, रातू रोड चौक पर समाप्त होगा। प्रधानमंत्री के स्वागत में रांची के आसपास के क्षेत्र से 20 हजार से अधिक बाइक सवार रांची आएंगे। सेठ ने रांची सहित रातू रोड के नागरिकों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री की स्मृति में यह रोड शो और उनका अभिनंदन ऐतिहासिक हो, इसके लिए हम सभी कार्य करें।
पदयात्रा में पडरा मंडल के अध्यक्ष सुबेश पांडे और सुखदेव नगर मंडल के अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडे सहित अन्य लोग शामिल थे।
—————