सरस्वती पूजा  बनी पत्थलगडा की  पहचान : विधायक

सरस्वती पूजा  बनी पत्थलगडा की  पहचान : विधायक

चतरा, 3 फ़रवरी (हि.स.)। ऋतुराज बसंत के आगमन पर विद्या की अधिष्ठात्री मां शारदे की पूजा अर्चना करने के लिए चतरा जिले के पूजा पंडालों में अपार भीड़ उमड़ी। सोमवार को जिले के शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ कई क्लबों और समितियां की ओर से इस बार सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया है। पत्थलगडा में सरस्वती पूजा महोत्सव को चहुंओर चहल पहल और भक्ति का माहौल दिखा।

पत्थलगडा के स्कूल और कॉलेजों में मां शारदे की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा अर्चना की गई। एचएल स्मृति क्लब लेंबोईया में एसडीपीओ प्रदीप राज, बीडीओ कलिंदर साहब, सीओ उदल राम और थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी की उपस्थिति में किया गया। तेतरिया में संगम क्लब के जरिये बनाये गये पंडाल का भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता ने उद्घाटन किया।

सिमरिया विधायक उज्जवल दास और सांसद कालीचरण सिंह के पुत्र नितीश सिंह ने प्रखंड के कई पंडालों का निरीक्षण किया और मां शारदे से क्षेत्र की शांति और समृद्धि की कामना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा पत्थलगडा की पहचान बन गई है। यहां पूजा महोत्सव का रूप ले लिया है। इस बार लेंबोईया, तेतरिया, बंदरचुंआ, सिंघानी, पत्थलगड़ा, बरवाडीह, सिंघानी, नावाडीह, शीतलपुर समेत अन्य स्थानों में कई जगह में भव्य आकर्षक पूजा पंडाल बनाए गए हैं।

तेतरिया में मामले वैष्णो देवी मंदिरलके तर्ज पर विशाल पंडाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। लेंबोईया में किलानुमा पंडाल में भोलेनाथ की दक्षिण भारत के तर्ज पर प्रतिमा लगाई गई है। बंदरचुंआ में केदारनाथ मंदिर के तर्ज पर पंडाल बनाया गया है। हरिजन टोला तेतरिया में कई झांकी और प्रदर्शनी लगाई गई है। थाना मोड़ दुंबी, नावाडीह चौक, शीतलपुर और सिंघानी चौक में बने पूजा पंडाल की लोग सराहना कर रहे हैं। शैक्षणिक संस्थानों में भी आकर्षक साज सज्जा की गई है। विधि व्यवस्था के लिए सभी गांवों के पंडालों में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी दिनभर निरीक्षण कर विधि व्यवस्था की जानकारी लेते दिखे।

—————