फरीदाबाद : जमीनी विवाद में भतीजों ने ताऊ को जिंदा जलाया
फरीदाबाद, 6 मई (हि.स.)। बल्लभगढ़ के सैक्टर-3 निवासी 60 वर्षीय रामस्वरूप को जमीनी विवाद के चलते उसके भतीजों ने आग लगा दी। गंभीर हालात में रामस्वरूप को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर सोमवार की रात को उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बल्लभगढ़ के सैक्टर 3 का रहने वाला 60 वर्षीय रामस्वरूप मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के गांव करोड़ा का रहने वाला था। पिछले 40 सालों से वह बल्लभगढ़ में मकान बनाकर रह रहा था। मृतक की बेटी शिमला ने बताया कि 6 अप्रैल को उसके पिता रामस्वरूप अपने बड़े भाई के बेटे सोहन के बच्चे के कुआं पूजन में गया हुआ था। 29 अप्रैल को सोहन की बहन के भात का प्रोग्राम था, इस दौरान सोहन ने उनके पापा को शराब पिलाई और देर रात के समय गली में बाहर अपने भाई कालिया के साथ मिलकर आग लगा दी। शिमला ने बताया कि आग लगने के बाद एक बच्ची ने शोर मचा दिया, जिसके बाद शोर सुनकर रिश्तेदार घायल रामस्वरूप को लेकर रेवाड़ी पहुंचे। रेवाड़ी में शिमला का घर है, जहां पर उसको कॉल करके मामले की जानकारी दी गई। शिमला ने बल्लभगढ़ में अपने भाई को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद 30 अप्रैल को रामस्वरूप को फरीदाबाद के बीके अस्पताल लेकर आया गया। जहां से डाक्टरों ने उसको गंभीर हालात में दिल्ली सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। 30 अप्रैल को रामस्वरूप को दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया गया, लेकिन 5 मई की रात को उसकी मौत हो गई। मृतक की बेटी शिमला ने बताया कि उसके पिता के हिस्से में आई हुई, गांव करोड़ा में ढाई एकड़ जमीन है। लेकिन सोहन और कालिया उस जमीन को कब्जाना चाहते थे। इस जमीन को लेकर पिछले कई सालों से उनका विवाद चल रहा था। इसी को लेकर सोहन और कालिया ने उसके पिता को शराब पिलाकर जला दिया। परिवार के लोगों ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत अलवर पुलिस को कर दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।