जींद में इनेलो ने किया प्रदर्शन, पुतला फूंका, महिलाओं ने फोड़े मटके
जींद, 6 मई (हि.स.)। पंजाब द्वारा हरियाणा के हिस्से का पानी भाखड़ा डैम से रोके जाने के विरोध में इनेलो ने जींद में प्रदर्शन किया। इस दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान का पुतला फूंका गया, तो वहीं महिलाओं ने खाली मटके फोड़े। इसके बाद एडीसी को मांगों का ज्ञापन सौंपा। मंगलवार को पहले लघु सचिवालय के बाहर इनेलो कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान बिजेंद्र रेढू ने की। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र में हरियाणा के हिस्से के पानी पर डाका डाला गया है। भाखड़ा डैम पर जिस तरह से पंजाब के सीएम भगवंत मान ने पंजाब पुलिस का कब्जा करवाया है, वह संघीय ढांचे पर बहुत बड़ी चोट है। इससे हरियाणा के हितों को भारी नुकसान हुआ है।
प्रदेश सरकार को भी पंजाब को करारा जवाब देना चाहिए और हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर हरियाणा के हितों की रक्षा के लिए प्रस्ताव पारित करना चाहिए। रामपाल माजरा ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह भाखड़ा डैम से हरियाणा को उसके हिस्से का पानी दिलवाए। आज हरियाणा में पीने के पानी से लेकर सिंचाई के पानी का भारी संकट है। 45 दिन बाद भी नहरों में पानी नहीं आ रहा।
हरियाणा के साथ पहले ही पानी के मामले में बड़ा अन्याय हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी पंजाब सरकार भाखड़ा नहर के पानी के मामले में नहीं मान रही है। अब वक्त आ गया है कि केंद्र सरकार हस्ताक्षेप करे और हरियाणा को उसके हिस्से का पानी दिलवाए। इनेलो की महिला कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर इनेलो के हरे रंग में रंगे खाली मटके फोड़कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन और धरने में पूर्व विधायक रामफल कुंडू भी मौजूद रहे।
—————